रायपुर 19 सितंबर 2026 - रायपुर से लगे राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनौद में चरित्र शंका और अवैध संबंध के शक के चलते एक किराएदार ने अपने ही मकान मालिक की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले की जानकारी देते हुए रायपुर ग्रामीण के ASP अभिषेक कुमार झा ने बताया कि मृतक की पहचान ग्राम गनौद (थाना राखी) निवासी वेद राम साहू (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी का नाम पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू (उम्र 25 वर्ष), पिता नरेंद्र कुमार धीवर है। आरोपी मूल रूप से ग्राम धमनी भाटापारा (वार्ड नंबर 2), थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर का निवासी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पुरुषोत्तम धीवर पिछले एक-दो सालों से मृतक वेद राम साहू के मकान में किराए से रहकर ऑटो पार्ट्स की दुकान चला रहा था। इसी दौरान मकान मालिक वेद राम साहू को अपनी पत्नी के साथ किराएदार पुरुषोत्तम के अवैध संबंध होने का गहरा शक हो गया था। पत्नी पर चरित्र शंका को लेकर मकान मालिक वेद राम साहू और किराएदार पुरुषोत्तम के बीच अक्सर कहासुनी और तनाव की स्थिति बनी रहती थी। वेद राम साहू आए दिन आरोपी के साथ गाली गलौज और विवाद करता था।
घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट में बदल गई। आवेश में आकर आरोपी पुरुषोत्तम धीवर ने मकान मालिक वेद राम साहू का गला कसकर दबा दिया, जिससे दम घुटने के कारण वेद राम साहू की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी व विवेचनात्मक कार्रवाई जारी रखी है।













