सूरजपुर 22 सितंबर 2026 -  छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में एक शिक्षक पर 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिक्षक पर आरोप है कि वह छात्रा को आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर परेशान करता था।

जानकारी के मुताबिक भटगांव थाना क्षेत्र की रहने वाली कक्षा 11वीं की छात्रा के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी शिक्षक ने छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म किया और उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को ब्लैकमेल किया गया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी लंबे समय तक छात्रा पर दबाव बनाकर उसका शोषण करता रहा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भटगांव पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।