मुंगेली 19 सितंबर 2026 - मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र के कोदवाबानी गांव में शुक्रवार को खेत के पास पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 44 वर्षीय शिवकुमार उर्फ पवन के रूप में हुई है। घटना लालपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच आत्महत्या के साथ-साथ अन्य एंगल से भी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह कुछ किसान खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत के पास पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। शव को देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

घटनास्थल पर मृतक के फटे हुए कपड़े और हाथ पर बंधी पट्टी मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक किन परिस्थितियों में पेड़ तक पहुंचा और घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ था।