कोरबा 04 अक्टूबर 2026 - कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में आज एक व्यक्ति की सड़ी गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मालदा घाट स्थित बाउंड्री वॉल प्लॉट के अंदर घने जंगल में मिला है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, आज सुबह एक महिला की नजर जंगल के भीतर पड़े शव पर गई। शव की हालत बेहद खराब थी और उससे दुर्गंध आ रही थी। महिला ने तुरंत इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों के साथ ही जनप्रतिनिधियों को दी। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया। शव की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के इलाकों के लोगों से जानकारी जुटा रही है।
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जानकारी जुटा सकती है, ताकि मृतक की पहचान के संबंध में कोई सुराग मिल सके। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना पर आधिकारिक तौर पर मुहर नहीं लगाई है। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि व्यक्ति की मौत स्वाभाविक परिस्थितियों में हुई, हादसा था या फिर किसी आपराधिक घटना से इसका संबंध है।












