कोरबा 15 सितंबर 2026 - कोरबा जिले के छुरीकला निवासी नवप्रसूता कविता केंवट का शव मंगलवार दोपहर ग्राम जेंजरा मेन रोड के पास एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला। कविता को 10 सितंबर को प्रसव के लिए जेंजरा स्थित जीवांश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

जानकारी के अनुसार कविता केंवट को प्रसव के लिए 10 सितंबर को जीवांश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद नवजात बच्चे की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई। इसके बाद बच्चे को अस्पताल के एसएनसीयू/आईसीयू में रखा गया था, जहां उसका उपचार चल रहा था। बताया जा रहा है कि सोमवार रात किसी बात को लेकर कविता अपने परिजनों से नाराज हो गई थी। इसके बाद वह अचानक अस्पताल से बाहर निकल गई। कविता के अस्पताल से चले जाने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अस्पताल और आसपास के इलाकों में उसे खोजा गया, लेकिन रात भर उसका कोई पता नहीं चल सका।

मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे ग्राम जेंजरा मेन रोड के पास ग्रामीणों ने एक महिला का शव पेड़ से फंदे पर लटका देखा। इसके बाद घटना की जानकारी गांव के सरपंच को दी। सरपंच ने तत्काल कटघोरा पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान मृतका की पहचान छुरीकला निवासी कविता केंवट के रूप में हुई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

महिला अस्पताल से किस समय निकली, इसके बाद वह कहां-कहां गई और जेंजरा मेन रोड के पास कैसे पहुंची, इन परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों के साथ अस्पताल से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।