कोरबा 29 अगस्त 2026 - छत्तीसगढ़ कोरबा जिले के उरगा-भौंसमा ओवरब्रिज के पास शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। ट्रेन से गिरने या ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। घटना उरगा थाना क्षेत्र की है। शनिवार सुबह ग्रामीण खेत में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रेलवे ट्रैक के किनारे शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना उरगा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। टी-शर्ट और पैंट पहन रखी थी। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जो ट्रेन हादसे की ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, संभव है कि रात के समय ट्रेन में यात्रा करते दौरान व्यक्ति गिर गया हो या रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया हो। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

उरगा थाना पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए फोटो वाट्सएप ग्रुपों में शेयर कर दिया है। आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है। आसपास के रेलवे स्टेशनों और थानों में भी मृतक की जानकारी भेजी गई है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पहचान के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि वे इस हुलिए के व्यक्ति को पहचानते हैं या उसके संबंध में कोई जानकारी रखते हैं, तो उरगा थाना पुलिस को सूचना दें।