धमतरी 27 सितंबर 2026 - छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक लॉज के कमरे में 22 वर्षीय युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान कवर्धा निवासी 22 वर्षीय पिंकी मानिकपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरा मामला धमतरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
यहां स्थित सीजी 05 रेस्टोरेंट-लॉज के एक कमरे में युवती का शव मिला। लॉज के कमरे में शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी के मुताबिक पिंकी मानिकपुर 24 सितंबर से लॉज में ठहरी हुई थी। इसी बीच रविवार सुबह लॉज के कमरे में उसका शव मिला। युवती की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवती की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले घटनास्थल और अन्य परिस्थितियों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। सूचना मिलने के बाद युवती के परिजन धमतरी पहुंच गए हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।













