अंबिकापुर 18 अगस्त 2026 - सरगुजा के धौरपुर
थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा (परसापारा) से एक बड़ी वारदात सामने आई है। यँहा गांव के किसान हीराधर यादव (55) और उनकी पत्नी गुलाबी यादव (50) की हत्या कर शवों को बोरे में भरकर एक बंद कमरे में छिपा दिया गया था। घटना के बाद से उनका बड़ा बेटा जदू यादव (34) फरार है, जिस पर ही हत्या का संदेह जताया जा रहा है।
सोमवार सुबह छोटा बेटा मोहन अपने माता-पिता के घर दूध लेने पहुंचा। बाहर से दोनों दरवाजों की कुंडी लगी थी। काफी खोजबीन के बाद जब मोहन ने नौकर सुकृत नागेश के साथ अंदर जाकर देखा, तो एक कमरे में ताला लगा मिला। ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश करने पर फर्श पर खून फैला हुआ था और दो बोरों में दंपत्ति के शव बंधे पड़े थे।
घटना की सूचना मिलते ही धौरपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शवों के निरीक्षण से पता चला कि दंपत्ति के सिर पर फरसा या टांगी जैसे धारदार हथियार से हमला किया गया था। अत्यधिक खून बहने से दोनों की मौत हुई है। आशंका है कि साक्ष्य छुपाने की नीयत से शवों को बोरे में बांधा गया था।
छोटा बेटा मोहन जो गांव में ही अलग घर में रहता है उसने पुलिस को बताया कि बड़ा भाई जदू यादव अविवाहित है और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती। वह लंबे समय से माता पिता के साथ ही रह रहा था। SDOP तूल सिंह पट्टावी के अनुसार, फरार जदू यादव की तलाश के लिए रिश्तेदारों के ठिकाने और आसपास के जंगलों में सघन खोजबीन की जा रही है।










