बिलासपुर 05 सितम्बर 2026 - अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, एक छोटी सी गलती उसके पूरे खेल का पर्दाफाश कर सकती है। बिलासपुर के कोटा क्षेत्र में भी कुछ ऐसा ही हुआ। लूट के माल के बंटवारे को लेकर बदमाशों के बीच विवाद हो गया और पेट्रोल पंप के पास जमकर मारपीट हुई। इस दौरान घायल हुए एक आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर शिकायत कर दी। पुलिस ने पूछताछ की तो उसके जरिए लूट की वारदातों से जुड़े पूरे गैंग का खुलासा हो गया।

पुलिस ने मामले में मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हथियार, लूटे गए सोने के जेवरात, एक कार, एक बाइक और 6 मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।

एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के मुताबिक, 8 जुलाई को आरोपियों ने बेलगहना रेलवे स्टेशन से कलेक्शन की रकम लेकर जा रहे एक रेलवे कर्मचारी को निशाना बनाया था। आरोपियों ने सलका डैम मोड़ के पास कर्मचारी को धक्का देकर गिराया और उसके पास मौजूद बैग लूटकर फरार हो गए थे। बैग में करीब 7,430 रुपये की रकम थी। पुलिस इस वारदात की जांच कर ही रही थी कि आरोपियों ने एक और बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया।

18 जुलाई को आरोपियों ने राजकुमारी जायसवाल के घर को निशाना बनाया। आरोपी बुर्का पहनकर घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने मारपीट की और हथियार का भय दिखाकर करीब 50 हजार रुपये कीमत के सोने के जेवरात लूट लिए। दोनों वारदातों के बाद आरोपी पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन लूट के माल के बंटवारे को लेकर आपसी विवाद ने पूरी साजिश की पोल खोल दी।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि गैंग ने इससे पहले और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।