दुर्ग 27 जुलाई 2026 - दुर्ग जिले के खुर्सीपार पुलिस और ACCU टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए काली मंदिर के पीछे एक मकान में चल रहे जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम, ताश की पत्तियां और मोबाइल फोन सहित कुल 3 लाख 27 हजार 650 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार थाना खुर्सीपार क्षेत्र में अवैध जुआ संचालित होने की सूचना मिली थी। मुखबिर से मिली जानकारी में बताया गया कि काली माता मंदिर के पीछे स्थित एक मकान में कुछ लोग बड़ी रकम लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना खुर्सीपार पुलिस और ACCU की टीम ने तत्काल घेराबंदी की और मकान में दबिश दी। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद 14 लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 77 हजार 650 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और 14 नग विभिन्न कंपनियों के टच स्क्रीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 3 लाख 27 हजार 650 रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में खुर्सीपार थाने में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार जुआरियों में मनोज कुमार पिता रामलखन राय निवासी सड़क 38 जोन 02 खुर्सीपार, राजीव कुमार उम्र 22 वर्ष निवासी मछली मार्केट खुर्सीपार, एम राजू उम्र 36 वर्ष निवासी बालाजी नगर खुर्सीपार, सूरज महतो उम्र 29 वर्ष निवासी एचएससीएल कॉलोनी खुर्सीपार सहित अन्य आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा जी. गौतम, किशोर कुमार साहू, शिवा राव, विकास गुप्ता, दिनेश बाग, अनिल, पवन कुमार, राजा, सैनी कुमार और मंजीत सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।








