अंबिकापुर 23 सितंबर 2026 - छत्तीसगढ़ के सरगुजा में नवविवाहिता ने चूहे मारने की दवा खा ली। मंगलवार को अंबिकापुर के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 4 - 5 महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर परेशान करने और मारपीट का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले नवविवाहिता ने अपने पिता को मैसेज भेजा था। इसमें उसने लिखा था कि वह जीना नहीं चाहती और उसे सुकून से मरने दिया जाए।

पिता ने बताया कि बेटी M.Sc. की पढ़ाई करना चाहती थी। ससुराल वालों की सहमति के बाद उसकी पढ़ाई आगे जारी रखने की बात तय हुई थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने पिता समेत परिजनों के बयान दर्ज किए। इस पूरे मामले में मायके पक्ष ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, अभी तक मारपीट की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामला मैनपाट थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक सूरजपुर के वार्ड क्रमांक 13 स्थित प्रगति नगर निवासी वर्षा यादव (20) की शादी 1 मई 2026 को सामाजिक रीति रिवाज से मैनपाट के लुरैना निवासी अजय यादव के साथ हुई थी। 18 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे वर्षा ने अपने पिता को वॉट्सऐप पर मैसेज भेजकर कहा कि वह जीना नहीं चाहती।

मामले में नायब तहसीलदार ने बताया कि मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट और पैसों के लेन देन को लेकर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस भी सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर जांच कर रही है।