सूरजपुर 20 सितंबर 2026 - सूरजपुर जिले में एक नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। मामला सूरजपुर थाना क्षेत्र का है।

शिकायत के मुताबिक, नाबालिग के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी सूरजपुर में एक परिचित के घर रहती है। 16 सितंबर को किशोरी अपने पिता के घर रामानुजगंज थाना क्षेत्र गई थी। इसके बाद वह अपने मामा के घर चली गई। अगले दिन 17 सितंबर को वह रामानुजनगर से ऑटो में बैठकर सूरजपुर के लिए रवाना हुई। सूरजपुर पहुंचने के बाद किशोरी ने कथित तौर पर ऑटो का किराया नहीं दिया था। इसके बाद ऑटो चालक उसका बैग अपने पास रखकर वापस चला गया। चालक ने किशोरी के पिता को बैग सौंपते हुए किराया नहीं दिए जाने की जानकारी दी।

18 सितंबर को किशोरी के पिता बैग लेकर सूरजपुर में उस परिचित के घर पहुंचे, जहां उनकी बेटी के रहने की बात थी। वहां पहुंचने पर पता चला कि किशोरी घर पहुंची ही नहीं थी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद किशोरी शिव मंदिर स्टेडियम ग्राउंड में मिली। शिकायत के अनुसार, पिता ने किशोरी से उसके लापता रहने के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान किशोरी ने बताया कि स्टेडियम ग्राउंड के पास रवि और कान्हा नाम के दो युवकों ने उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया है।

सूरजपुर SDOP अभिषेक पैकरा के अनुसार शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।