रायगढ़ 18 सितंबर 2026 - छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भारतीय जनता पार्टी को स्थानीय स्तर पर बड़ा झटका लगा है। जिले की पुसौर नगर पंचायत के 08 भाजपा पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। सभी पार्षदों ने अपना त्यागपत्र जिला भाजपा अध्यक्ष को भेज दिया है। एक साथ आठ पार्षदों के इस्तीफे के बाद नगर पंचायत की राजनीति में हलचल बढ़ गई है।

बताया जा रहा है कि पार्षद पिछले कुछ समय से नगर पंचायत अध्यक्ष मानी मोहित सतपति की कार्यप्रणाली को लेकर नाराज चल रहे थे। जानकारी के अनुसार पार्षदों की नाराजगी का मुख्य कारण नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की गति और कार्यप्रणाली बताई जा रही है। पार्षदों का आरोप है कि क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पा रहे थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

हालांकि इस्तीफे को लेकर भाजपा संगठन की ओर से अभी कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं स्थानीय स्तर पर इस घटनाक्रम को पार्टी के लिए चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।