रायपुर 08 अगस्त 2026 - अभनपुर क्षेत्र में पति की हत्या करने वाली पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पत्नी ने साड़ी से गला घोंटकर पति को मौत के घाट उतार दिया था, फिर पुलिस को चकमा देने के लिए उसके शव को घर के बाहर तलाब किनारे रख दिया था। मृतक परमेश्वर सिदार तलाब में चौकीदारी करता था।

जानकारी के मुताबिक, 4 अगस्त की सुबह 6 बजे ग्राम टोकरो तालाब के मालिक शैलेन्द्र देवांगन द्वारा सूचना दी गई कि ग्राम टोकरो छांटा तालाब के पास रहने वाले चौकीदार परमेश्वर सिदार का शव तालाब किनारे पडा था। इस सूचना पर अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को देखने पर गले, कान के नीचे चोंट के निशान दिखाई दिए। पुलिस ने मामले को ह्त्या से जोड़कर धारा 103 (1) BNS पंजीबद्ध कर जाँच में लिया।

संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी तिजियाबाई सिदार को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका पति तलाब मे चौकीदारी करता था। शराबी प्रवृत्ति का था और उसके चरित्र पर शंका करता था। 03 अगस्त की रात में लघुशंका के लिए मैदान गयी थी जहाँ से वापस आयी तो देखी कि उसका पति परमेश्वर सिदार अपनी ही बच्ची के साथ गलत कार्य करने की कोशिश कर रहा था। गुस्से में आकर उसने पहनी हुई साडी के पल्लू से गला घोट कर पति को मौत के घाट उतार दिया।