धमतरी 01 अक्टूबर 2026 - शहर से लगे श्याम तराई गांव मे देह व्यापार के कारोबार को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अर्जुनी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक मकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 9 युवक और 6 युवतियों समेत कुल 15 लोगों को पकड़ा है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान एक महिला दलाल और उसका सहयोगी मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों को लेकर शिकायतें मिल रही थीं और बाहरी लोगों का लगातार आना-जाना लगा हुआ था। पुलिस को पिछले कई दिनों से श्यामतराई इलाके में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी। पुलिस के मुताबिक, दूसरे शहरों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि महिला दलाल के खिलाफ पहले भी शिकायत सामने आ चुकी है। हालांकि, इस दावे की विस्तृत जानकारी पुलिस की ओर से सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बालिग आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पकड़े गए बालिग लोगों में धमतरी के अलावा श्यामतराई, डांडेसरा, भालूचुवा, नवागांव कंडेल और तेलीनसत्ती समेत अलग-अलग स्थानों के लोग शामिल हैं ।













