रायपुर 25 अगस्त 2026 - बीमारी ठीक करने और नौकरी लगवाने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म और करीब 44 लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मध्यप्रदेश के एक व्यक्ति ने खुद को बैगा बताकर महिला के माइग्रेन का इलाज झाड़-फूंक से करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद महिला को अपने प्रभाव का हवाला देते हुए नौकरी लगवाने का झांसा दिया और अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम ले ली। महिला का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ रेप भी किया और किसी को बताने पर बदनाम करने की धमकी दी। पूरा मामला राजधानी रायपुर के अभनपुर क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता सरकारी कर्मचारी की पत्नी है और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। महिला को माइग्रेन की शिकायत थी। इसी दौरान उसकी पहचान मध्यप्रदेश निवासी आशाराम चौधरी से हुई। आरोपी अभनपुर में किराए के मकान में रहता था। महिला के मुताबिक आरोपी ने खुद को बैगा बताया और दावा किया कि वह झाड़-फूंक और अन्य तरीके से उसकी बीमारी ठीक कर सकता है। बीमारी ठीक करने के बहाने आरोपी ने महिला का विश्वास हासिल किया। इसके बाद उसने महिला की नौकरी और भविष्य से जुड़ी बातों का हवाला देकर उसे अपने प्रभाव में लेना शुरू कर दिया।
काफी समय तक परेशान रहने के बाद पीड़िता ने पूरे मामले की जानकारी अपने पति को दी। इसके बाद पति के साथ महिला अभनपुर थाने पहुंची और आरोपी आशाराम चौधरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म, ठगी और धमकी से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले में शिकायत दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी आशाराम चौधरी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।













