रायपुर 28 सितंबर 2026 - छत्तीसगढ़ के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए राजधानी रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय वृहद राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से यह मेला सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में आयोजित होगा। आयोजन के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किए जाने प्रस्तावित हैं।

रोजगार मेले के लिए अब तक 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं से 8,720 रिक्त पदों की जानकारी विभाग को मिल चुकी है। इन रिक्तियों को ई- रोजगार पोर्टल पर प्रदर्शित किया जा रहा है, जहां अभ्यर्थी अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार पदों का चयन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग के अनुसार अन्य औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से भी संपर्क जारी है, जिससे रिक्त पदों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

इन क्षेत्रों में मिलेंगे रोजगार के अवसर

मेले में मैन्युफैक्चरिंग, टेक्निकल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, सेल्स एवं मार्केटिंग, बैंकिंग-फाइनेंस, कार्यालय एवं मानव संसाधन, कस्टमर सर्विस, हेल्थ एंड केयर, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी सहित कई क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय, पिकर-पैकर समेत अप्रेंटिस और ट्रेनी के पद भी शामिल हैं। इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, बीई/बीटेक, बीएससी एग्रीकल्चर, सामान्य स्नातक और एमबीए, एमसीए जैसे स्नातकोत्तर योग्यता रखने वाले युवा अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।

रोजगार मेले के लिए क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉरपोरेट सहित विभिन्न संस्थाओं ने रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं। इन संस्थाओं में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ देश के अन्य राज्यों में भी रोजगार के अवसर शामिल हैं।कर्मचारी लाभ चुनें

विभाग ने चयन प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई है। अभ्यर्थी घर बैठे उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी लेकर अपनी योग्यता के अनुरूप आवेदन कर सकेंगे। नियोजक आवेदकों की प्रोफाइल के आधार पर मेले से पहले भी शॉर्टलिस्टिंग और प्रारंभिक चयन कर सकेंगे।

इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन कर अपनी प्रोफाइल अपडेट करने के बाद उपलब्ध पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने अभ्यर्थियों से पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी नियमित रूप से देखने की अपील की है। रोजगार मेले में अपनी रिक्तियां उपलब्ध कराने के इच्छुक उद्योग और नियोजक 7999385638 और 7000397968 पर संपर्क कर सकते हैं।