कांकेर 28 जुलाई 2026 - चारामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जुआ खेलने के मामले में जिला स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद दो संविदा कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि तीन नियमित कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई को चारामा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान अस्पताल परिसर में कुछ कर्मचारियों के जुआ खेलने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस कार्रवाई के बाद मामले की जांच CMHO कार्यालय द्वारा कराई गई। जांच पूरी होने के बाद CMHO डॉ. आर.सी. ठाकुर ने कड़ी कार्रवाई करते हुए संविदा कर्मचारी धनंजय बंसोड़ और ईश्वर नेताम की सेवाएं समाप्त (बर्खास्त) कर दीं।
वहीं नियमित कर्मचारी प्रकाश सिन्हा, गोविंद जुर्री और अरुण मंडावी को निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में अनुशासनहीनता और सेवा नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









