कोरबा 28 जुलाई 2026 - बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के बलगीखार निवासी दीपक कुमार कंवर 27 वर्ष ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। चार दिन पहले उसकी बाइक चोरी हो गई थी। पिता ईश्वर सिंह कंवर खेती-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने काफी मेहनत से किस्तों पर बेटे के लिए बाइक खरीदी थी, जो दीपक के लिए केवल एक वाहन नहीं बल्कि रोजमर्रा की जरूरत और परिवार की सबसे बड़ी पूंजी थी।

बाइक चोरी होने के बाद वह हर दिन उसकी तलाश में निकलता और मायूस होकर लौट आता। स्वजन का आरोप है कि पुलिस ने चोरी के मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई। उनका कहना है कि चोरी के मामलों में जांच पूरी होने और वाहन का पता नहीं चलने पर ही आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी होती है, जिसके बाद बीमा दावा भी आगे बढ़ पाता है। इसी अनिश्चितता और लगातार बढ़ती निराशा ने दीपक को भीतर तक तोड़ दिया।

रविवार रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। सोमवार सुबह स्वजन ने उसे फंदे पर लटका देखा। सूचना पर बांकीमोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम किया।

बांकीमोंगरा थाना प्रभारी चमन सिन्हा ने बताया कि बाइक चोरी की घटना दर्री थाना क्षेत्र की है और उसकी विवेचना वहीं की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उधर दर्री पुलिस बाइक चोरी के मामले में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाई।

बता दे कि वाहन चोरी होने पर केवल FIR दर्ज होना ही पर्याप्त नहीं होता। पुलिस जांच के बाद यदि वाहन बरामद नहीं होता तो न्यायालय के समक्ष अनट्रेस्ड (नान-ट्रेसेबल) अंतिम रिपोर्ट पेश की जाती है। इसके बाद ही अधिकांश मामलों में बीमा दावे की प्रक्रिया आगे बढ़ती है।