रायपुर 11 सितंबर 2026 - राजधानी के मोवा स्थित बालाजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती एक आरक्षक की अस्पताल की बिल्डिंग से कूदने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान देव नारायण सिंह के रूप में हुई है, जो जशपुर में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि वे हृदय संबंधी उपचार के लिए रायपुर आए थे और दो दिन बाद उनका ऑपरेशन प्रस्तावित था। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है। पंडरी-मोवा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक आरक्षक देव नारायण सिंह हृदय संबंधी परेशानी के इलाज के लिए मोवा स्थित बालाजी अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था और चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत आने वाले दिनों में उनका ऑपरेशन किया जाना था। बताया जा रहा है कि 10 सितंबर को आरक्षक अस्पताल की पहली मंजिल पर पहुंचे। इसके बाद वे वहां से नीचे गिर गए।
अस्पताल के कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल आरक्षक को इलाज के लिए आईसीयू में भर्ती कराया। आरक्षक को गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों की टीम लगातार उनका उपचार कर रही थी, लेकिन उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। शुक्रवार को इलाज के दौरान आरक्षक देव नारायण सिंह की मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी में घटना को आत्महत्या का मामला बताया जा रहा है। हालांकि आरक्षक ने कथित तौर पर ऐसा कदम क्यों उठाया, इसे लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। घटना से पहले उनकी मानसिक स्थिति कैसी थी या किसी अन्य कारण से वे परेशान थे, इन सभी पहलुओं की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।













