सूरजपुर 27 जुलाई 2026 - छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यँहा शहर के बीच स्थित नेहरू पार्क में एक युवती को उसके ही प्रेमी ने मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया, लेकिन मरणासन्न हालत में ताकत जुटाकर युवती ने आरोपी का नाम लिखा, उसने पुलिस को तुरंत तक पहुंचने में मदद की। घटना रविवार शाम करीब 8 बजे की है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम लटोरी की रहने वाली 19 वर्षीय राधिका राजवाड़े सूरजपुर में एक वकील के घर रहकर घरेलू सहायिका का काम करती थी। रविवार की शाम वह बिना किसी को बताए घर से निकली और नेहरू पार्क पहुंच गई। राधिका को किसी और ने नहीं बल्कि उसके प्रेमी रितेश राजवाड़े ने ही फोन कर पार्क में बुलाया था। पार्क के भीतर पहुंचते ही रितेश ने धारदार चाकू से राधिका के गले पर ऐसा वार किया कि चाकू गले के पार हो गया। इसके बाद आरोपी लहूलुहान हालत में तड़पती युवती को छोड़कर अपनी बाइक से मौके से फरार हो गया।

राधिका ने इशारे से अपने पास मौजूद लोगों से कागज और पेन मांगा। कागज़ पर उसने अपने ऊपर हमला करने वाले का नाम लिखा। इसके कुछ ही देर बाद, रात करीब 10:30 बजे इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। फुटेज के आधार पर हमलावर की पहचान करवां निवासी रितेश राजवाड़े के रूप में हुई। पुलिस ने देर रात ही आरोपी रितेश को हिरासत ले लिया।

शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि रितेश और राधिका के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। लेकिन पिछले कुछ दिनों से रितेश के मन में यह शक घर कर गया था कि राधिका के संबंध किसी अन्य युवक से भी हैं। इसी शक के चलते उसने साजिश रची, और राधिका को पार्क में बुलाया फिर उसे मौत के घाट उतार दिया।