रायपुर 15 अगस्त 2026 - रायपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित होटल बंसल पैराडाइज में हुई युवती की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। होटल के कमरे में ठहरे युवक ने कथित तौर पर युवती पर प्राणघातक हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद युवक ने खुद भी चाकू से गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में युवक का इलाज मेकाहारा अस्पताल में जारी है।

पुलिस के अनुसार घटना 14 अगस्त 2026 को होटल बंसल पैराडाइज, झूलेलाल चौक के पास हुई। होटल के तृतीय तल स्थित कमरे में युवक और युवती ठहरे हुए थे। दोनों ने होटल में अपनी पहचान पत्र जमा कर चेक-इन किया था। युवक की पहचान किशन कुमार भारद्वाज (26 वर्ष), पिता राजेंद्र प्रसाद भारद्वाज, निवासी दशवंतपुर गोसाईंपुर, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं मृतका की पहचान रिमन मंडावी, निवासी तारमटोला जिला मोहला-मानपुर, थाना अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के रूप में की गई है।

पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 3 बजे से 3:15 बजे के बीच होटल स्टाफ ने तृतीय तल स्थित कमरे से युवती के चिल्लाने की आवाज सुनी। आवाज सुनकर होटल कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कमरा अंदर से बंद था, जिसके बाद कर्मचारियों ने खिड़की तोड़कर अंदर झांका। अंदर युवक को चाकू से अपने गले पर वार करते हुए देखा गया। इसके बाद होटल प्रबंधन ने तत्काल गंज थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना गंज प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे के अंदर देखा तो युवती लहूलुहान और अचेत अवस्था में पड़ी थी। वहीं युवक भी गंभीर रूप से घायल हालत में मिला।

दोनों घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। वहीं युवक का इलाज शुरू किया गया और उसका ऑपरेशन किया गया। फिलहाल युवक जीवित है और उसका उपचार जारी है। फिलहाल गंज थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपी के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।