रायपुर 27 सितंबर 2026 -  छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने छात्र और पालक हित में एक बड़ा निर्णय लेते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बोर्ड परीक्षा और नामांकन शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि बढ़ा दी है. अब मान्यता प्राप्त संस्थाएं 07 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन शुल्क जमा कर सकेंगी। इससे पहले छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने बैंकों के लगातार अवकाश और प्रस्तावित हड़ताल के कारण आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों का हवाला देते हुए तिथि बढ़ाने की पुरजोर मांग की थी।

बढ़ी हुई अंतिम तिथि:

नियमित विद्यार्थियों के नामांकन शुल्क, परीक्षा शुल्क और परीक्षा आवेदन पत्र शुल्क के ऑनलाइन भुगतान की अंतिम तिथि अब 07 अक्टूबर 2026 कर दी गई है.

विलंब शुल्क के नियम:

मंडल के नियमानुसार ऑनलाइन शुल्क भुगतान हेतु प्रति दिवस 1,000/- रुपये विलंब शुल्क की गणना 08 अक्टूबर 2026 से की जाएगी।

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया था कि 26 सितंबर (शनिवार) व 27 सितंबर (रविवार) को बैंकों का अवकाश है तथा 28 से 30 सितंबर तक बैंकों की तीन दिवसीय हड़ताल घोषित है. इसके अलावा, प्रदेश में अत्यधिक बारिश के कारण किसानों और पालकों की आर्थिक स्थिति पहले ही प्रभावित हो चुकी है। बैंक बंद रहने और अन्य प्रशासनिक व्यस्तताओं के चलते 30 सितंबर तक शुल्क जमा करना असंभव हो रहा था, जिसके बाद एसोसिएशन ने माशिमं के अध्यक्ष व सचिव से त्वरित निर्णय लेने की अपील की थी।