बिलासपुर 19 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ - सफाई को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। शहर में संचालित रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को विभागीय टीम ने कई स्थानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बाबूजी रेस्टोरेंट की रसोई में गंभीर गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन तैयार किए जाने का मामला सामने आया।

खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर विभाग ने रेस्टोरेंट का लाइसेंस सात दिनों के लिए निलंबित कर दिया। इसके साथ ही रेस्टोरेंट को सील कर सात दिन या सुधार कार्य पूरा होने तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा शहर में 'सुरक्षित आहार - हमर अधिकार' अभियान चलाया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान टीम बाबूजी रेस्टोरेंट पहुंची। यहां रसोई और भोजन तैयार करने वाले स्थान की जांच करने पर काफी गंदगी पाई गई। खाद्य पदार्थों का निर्माण अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जा रहा था। जांच टीम ने पाया कि रेस्टोरेंट में भोजन तैयार करने के दौरान आवश्यक साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था।

इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। विभाग ने बाबूजी रेस्टोरेंट का खाद्य लाइसेंस सात दिनों के लिए निलंबित कर दिया। इसके अलावा रेस्टोरेंट को सील करते हुए निर्धारित अवधि या सुधार कार्य पूरा होने तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।