महासमुंद 10 जून 2026 - महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य के रूप में पहचान रखने वाले आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376 (2) (j), 376 (2) (n) और 376 (2)(m) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। पीड़िता के आवेदन और प्रारंभिक जांच के आधार पर बागबाहरा पुलिस ने आरोपी आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक आरोपी आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र का निवासी है और कथावाचन तथा ज्योतिषाचार्य के रूप में उसकी पहचान रही है। वह लोगों के बीच भविष्यवाणी और धार्मिक कार्यक्रमों के कारण चर्चित रहा है। स्थानीय स्तर पर उसे “चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा” के रूप में भी जाना जाता है। महासमुंद पुलिस की टीम आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री  को सिलयारी से गिरफ्तार कर बागबाहरा लेकर आई है।

मामले की संवेदनशीलता और आरोपी की सार्वजनिक पहचान को देखते हुए इसे हाई प्रोफाइल मामला माना जा रहा है। हालांकि, मामले को लेकर महासमुंद पुलिस के अधिकारियों ने फिलहाल विस्तृत टिप्पणी करने से इंकार किया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।