कोरबा 05 अगस्त 2026 - कोरबा जिले में तेज रफ़्तार बाइक ने शिक्षक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा हैं कि शिक्षक अपनी टीचर पत्नी को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे, इसी दौरान उनके साथ ये हादसा हो गया। घटना जिले के कटघोरा क्षेत्र की है। मृतक शिक्षक की पहचान अजय थवाइत के रूप में की गई।

मृतक शिक्षक रोज की तरह आज भी अपनी पत्नी को एक्टिवा वाहन से स्कूल छोड़ने के लिए गए थे। पत्नी को स्कूल गेट के पास छोड़कर पैदल सड़क पार कर अपने वाहन के पास लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ़्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही शिक्षक की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी भी मौके पर पहुंची और खून से लथपथ शिक्षक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जांच के दौरान डाॅक्टर ने शिक्षक के मौत की पुष्टि की। बताया जा रहा हैं कि आरोपी बाइक चालक भी इस घटना में घायल हो गया। बाइक के पीछे सीट पर बैठा व्यक्ति इस हादसे के बाद से फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बाइक चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही आरोपी चालक के फरार साथी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शिक्षक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।