जशपुर 17 सितंबर 2026 - जशपुर जिले एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर कोयला लदे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक के पिछले बंपर में फंस गई और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह हादसा जशपुर नगर के गिरांग मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग -43 पर हुआ। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गम्हरिया गांव निवासी संजय राम रौतिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संजय होटल से खाना लेकर अपनी बाइक से जकबा गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक जशपुर से झारखंड की ओर जा रहे कोयला लदे ट्रक के पीछे जा टकराई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया और शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा। पुलिस अब ट्रक और बाइक की स्थिति, सड़क की परिस्थितियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच कर रही है।













