रायपुर 19 सितंबर 2026 - रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुल्लू शासकीय शराब दुकान से जुड़ी अवैध शराब की तस्करी का खुलासा करते हुए एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने स्कूल के एक संकुल समन्वयक शिक्षक सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के बाद शिक्षा विभाग ने उसे निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार आरंग थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गुल्लू स्थित शासकीय शराब भट्टी से भारी मात्रा में अवैध शराब की तस्करी कर एक वाहन को ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रानीसागर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध अर्टिगा कार क्रमांक CG 04 QB 5200 को रोक लिया।

पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें से कुल 160 पाव (जो कि लगभग 28.800 बल्क लीटर है) देशी मसाला शराब बरामद की गई। जब्त की गई शराब की कुल कीमत 16,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही 8 लाख रुपये मूल्य की अर्टिगा कार और शराब सहित कुल 8,16,000 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

इस अवैध तस्करी के मामले में पुलिस ने संलिप्तता पाए जाने पर कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में गुल्लू शराब दुकान के सुपरवाइजर उबारन दास पुरैना, सेल्समैन राजेश काटले, मल्टी वर्कर सुरेश बांधे, वाहन चालक भरत रात्रे, दिलीप कुमार कुर्रे, भागवत बारले और अमोदी प्राथमिक शाला में पदस्थ सहायक शिक्षक सह संकुल समन्वयक तीरित राम बांधे शामिल हैं।

सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत गैर-जमानती धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।