गरियाबंद 31 जुलाई 2023 - छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के राजिम के पुल पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक महिला ने लगभग 50 फीट ऊंचे पुल से महानदी में छलांग लगा दी। गनीमत यह रही की महिला पानी के बहाव में बहकर जलकुंभी के पास जाकर खड़ी हो गई।
घटना के बाद पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस विभाग में दी। इसके बाद पुलिस और SDRF की टीम को पानी की गहराई एवं तेज बहाव के चलते मशक्कत का सामना करना पड़ा। काफी देर बाद महिला को पानी से सकुशल बाहर निकाला गया। यह घटना रविवार शाम की बताई जा रही है।
इस दौरान पूछताछ में पता चला कि महिला का नाम टिकेश्वरी साहू पति बोहरण साहू मानसिक रूप से बीमार है। महिला गरियाबंद के ग्राम सड़क परसूली गांव की निवासी है। घटना की जानकारी मिलते ही युवती का भाई मौके पर पहुंचा और महिला को अपने साथ ले गया।









