रायपुर 17 अगस्त 2023 - कांग्रेस में टिकट के दावेदार अपना बायोडाटा ब्लाक स्तर पर जमा करेंगे। कांग्रेस में टिकट दावेदार अपना आवेदन जमा भी करने लगे हैं। इसी बीच कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने टिकट के दावेदारों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने टिकटार्थियों को हिदायत दी है कि दावेदारी अधिकार हो सकता है लेकिन टिकट मिलना अधिकार नहीं होगा। उन्होंने कहा है कि नेता दावेदारी करें इसमें कोई हर्ज नहीं, लेकिन उन्हें पार्टी के नीति और निर्देश का पालन करना होगा।

चुनाव के समय जो भी कैंडिडेट हो उसके साथ काम करना पड़ेगा। उम्मीदवार का काम नहीं होगा कि वो दूसरों को मनाते रहे। हर एक नेता कार्यकर्ता अनुशासन में रहे। अनुशासनहीनता नजर आने पर एक्शन होगा।

बता दें कि इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई थी। जिसमें टिकट का फार्मूला तय हुआ था। बैठक के बाद कुमारी शैलजा ने संकेत दिये थे कि प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जल्द जारी करने पर विचार किया जा सकता है।