रायपुर 10 अक्टूबर 2023 - भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को अपनी दूसरी सूची जारी की। इस सूची में कुल 64 नाम है। पार्टी ने अपनी पहली सूची में 21 नामों की घोषणा की थी। इस तरह दो बार में पार्टी अब तक 90 में से 85 सीटों पर प्रत्‍याशियों के नामों की घोषणा कर चुकी है।

भाजपा ने एक दिन पहले जो 64 नामों की सूची जारी की है उनमें 10 प्रत्‍याशी ऐसे हैं जिनके पास LLB यानी वकालत की डिग्री है। दो पूर्व IAS हैं, इनमें ओपी चौधरी और नीलकंठ टेकाम शामिल हैं। एक पद्मश्री अनुज शर्मा , दो विधानसभा के पूर्व स्‍पीकर धरमलाल कौशिक और प्रेम प्रकाश पाड़ेय और एक पूर्व मुख्‍यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित 12 पूर्व मंत्री भी शामिल हैं।

वकाल की डिग्री रखने वाले भाजपा प्रत्‍याशियों में पार्टी के वरिष्‍ठ विधायकों में शामिल ननीकराम कंवर और बृजमोहन अग्रवाल भी शामिल हैं। इनके अलावा रायपुर उत्‍तर सीट से प्रत्‍याशी बनाए गए पुरंदर मिश्रा के पास LLM की डिग्री है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, बिलासपुर सांसद और अब लोरमी सीट से प्रत्‍याशी अरुण साव भी वकील हैं। धरलाल कौशिक और जगदलपुर से प्रत्‍याशी किरणदेव भी LLB किए हुए हैं। भाजपा प्रत्‍याशी संतोष लहरे , टंकराम के पास भी LLB की डिग्री है, जबकि कृष्‍णकांत ने LLB प्रथम वर्ष तक की पढ़ाई की है।

भाजपा प्रत्‍याशियों में 4 डॉक्‍टर हैं। इनमें दो MBBS के साथ MS और MD हैं। भाजपा के मस्‍तुरी विधायक डॉ. कृष्‍णमूर्ति बांधी MBBS डॉक्‍टर हैं। वहीं दिनेशलाल MBBS (MD) हैं, जबकि खिलावन साहू भी डॉक्टर हैं। भाजपा प्रत्‍याशियों में चौथे डॉक्‍टर रमन सिंह हैं। डॉ. रमन के पास BAMS की डिग्री है। 

भाजपा प्रत्‍याशियों में ज्‍यादातर 10वीं और उससे अधिक पढ़े हैं। साजा से प्रत्‍याशी बनाए गए ईश्‍वर साहू ही एक मात्र हैं जिन्‍होंने केवल 5वीं तक पढ़ाई की है।