सक्ती 06 अगस्त 2026 - इस वक्त सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम पलाड़ी कला से एक बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है यहां एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में गुरुवार को 9वीं कक्षा के छात्र ओमेश कुमार कंवर, निवासी ग्राम बासीन, ने छात्रावास परिसर के शौचालय में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्र छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया है कि छात्रावास में लगातार प्रताड़ना का माहौल था और छात्र मानसिक दबाव में था। परिजनों ने छात्रावास अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया कि प्रताड़ना के कारण ही छात्र ने यह कदम उठाया।
इस घटना ने इसलिए भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्योंकि कुछ दिन पहले ही इसी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर से मुलाकात कर छात्रावास की अव्यवस्था, अनुशासन के नाम पर प्रताड़ना तथा अन्य समस्याओं की लिखित शिकायत की थी। शिकायत में हॉस्टल के वातावरण, व्यवस्थाओं और छात्रों के साथ व्यवहार को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए थे।
हालांकि, शिकायत के बाद जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से किसी प्रभावी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई। अब छात्र की मौत के बाद यह सवाल उठ रहा है कि यदि शिकायतों को समय रहते गंभीरता से लिया जाता, तो क्या इस घटना को रोका जा सकता था।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छात्र ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की। प्रताड़ना के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस छात्र के सहपाठियों, विद्यालय प्रबंधन, छात्रावास कर्मचारियों और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। यदि कोई सुसाइड नोट या अन्य साक्ष्य मिलते हैं तो उन्हें भी जांच का हिस्सा बनाया जाएगा।









