जांजगीर चाम्पा 02 अक्टूबर 2026 - जिले में नाबालिग के अपहरण और उसके साथ कथित अनाचार के मामले में कोटमीसोनार पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पवन मुजल्दे, निवासी पुनासा जिला खंडवा, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। नाबालिग को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक नाबालिग को बहला - फुसला कर अपहरण किए जाने की शिकायत मिलने के बाद अकलतरा थाने में BNS की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और नाबालिग तथा संदिग्ध आरोपी की तलाश के लिए अलग - अलग स्तर पर जानकारी जुटाई।
पुलिस के अनुसार नाबालिग ने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी पहचान आरोपी पवन मुजल्दे से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई और समय के साथ संपर्क बढ़ता गया। पुलिस का कहना है कि इसी पहचान और बातचीत का फायदा उठाते हुए आरोपी ने 28 जुलाई 2026 को नाबालिग को इंदौर मिलने के लिए बुलाया था। जँहा आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कथित रूप से अनाचार किया।
इस मामले में नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता थी। इसके साथ ही फरार आरोपी तक पहुंचने के लिए साइबर और तकनीकी साधनों का इस्तेमाल किया गया। फिलहाल आरोपी पवन मुजल्दे को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले में आगे की विवेचना जारी है।












