रामपुर 27 नवम्बर 2026 - उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक प्रेमी जोड़े की आधी रात की मुलाकात का मामला शादी तक पहुंच गया। मंगलवार देर रात एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान घरवालों ने दोनों को एक कमरे में पकड़ लिया। इसके बाद घर में जमकर हंगामा हुआ। युवती के परिजनों ने युवक को पकड़कर कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई। मामले की जानकारी मिलने पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचे।

करीब 12 घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद दोनों परिवारों के बीच समझौता हुआ और मंदिर में प्रेमी जोड़े की शादी करा दी गई। पूरा मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के खौद पुलिस चौकी अंतर्गत हसमतगंज गांव का है।

बताया जा रहा है कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले युवक का अजीमनगर थाना क्षेत्र की युवती के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार देर रात युवक प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। उसने फोन कर प्रेमिका से दरवाजा खुलवाया। इसके बाद दोनों घर के अंदर एक कमरे में चले गए।

इसी बीच घर के अंदर कुछ आहट होने पर परिजनों की नींद खुल गई। घरवालों ने लाइट जलाकर इधर-उधर देखा। जब वे कमरे में पहुंचे तो युवक और युवती को एक साथ देखकर भड़क गए। घर में शोर शराबा शुरू हो गया। हंगामे की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। युवक के पकड़े जाने की खबर जैसे ही उसके घरवालों तक पहुंची, वे कुछ सम्मानित लोगों को लेकर युवती के गांव पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। गांव के लोगों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई। काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों परिवार प्रेमी जोड़े की शादी कराने के लिए राजी हो गए।

पंचायत में समझौता होने के बाद दोनों को मंदिर ले जाया गया। वहां प्रेमी जोड़े ने एक - दूसरे के गले में वरमाला डाली और शादी की रस्में पूरी कीं। इसके बाद युवक युवती को लेकर अपने घर चला गया। युवक के पकड़े जाने से लेकर शादी की रस्में पूरी होने तक करीब 12 घंटे का वक्त लगा। इस पूरे घटनाक्रम की गांव में खूब चर्चा रही।