कानपुर 28 जुलाई 2026 - अपहरण और दुष्कर्म की शिकार एक नाबालिग लड़की ने AI का उपयोग कर रेप के आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। आरोपी ने पहले लड़की को प्रेम के जाल में फंसाया था, बाद में वह खुद नाबालिग के जाल में फंस गया।

दरअसल आगरा का रहने वाला आरोपी करीब एक महीने पहले सोशल मीडिया पर कानपुर की 13 साल की लड़की के संपर्क में आया था। उसने कथित तौर पर उसे प्यार के जाल में फंसा लिया फिर आरोपी नाबालिग लड़की को 6 जुलाई को आगरा ले गया। उसने वहां लड़की को दो दिन तक बंधक बनाकर रखा और उसका रेप किया।

आरोपी 09 जुलाई को लड़की को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन वापस लाया और वहां छोड़कर भाग गया। बाद में लड़की घर लौटी और अपने परिवार को पूरी बात बताई। उसकी शिकायत के आधार पर 11 जुलाई को केस दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि लड़की आरोपी को सजा दिलाने का पक्का इरादा कर चुकी थी। इसके लिए उसने जाल बिछाने में जांच करने वाले पुलिस अधिकारियों की मदद करने पर सहमति जताई। योजना के तहत नाबालिग ने आरोपी से फिर संपर्क किया और लड़की ने 24 जुलाई को आरोपी से कहा कि वह उसके साथ रहना चाहती है।

जब वह हिचकिचाता हुआ दिखा तो लड़की ने दावा किया कि वह घर से 20 लाख रुपये की ज्वेलरी लेकर भागी है। फिर आरोपी ने उससे गहनों की तस्वीरें भेजने को कहा। लड़की ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स से बनाई गई करीब 20 लाख रुपये की कीमत वाली ज्वेलरी की नकली तस्वीरें उसे व्हाट्सऐप पर भेज दीं। इससे आरोपी जाल में फंस गया।

पुलिस ने बताया कि तस्वीरों को देखकर वह उसके लालच में फंस गया। उसे जब लड़की के पास ज्वेलरी होने का यकीन हो गया तो वह उससे मिलने और कीमती जेवर लेने के लिए कानपुर आने के लिए तैयार हो गया। जब वह रविवार को जब कानपुर पहुंचा तो पुलिस की टीम ने उसे रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार कर लिया।

इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।