देवरिया 05 सितंबर 2026 - यूपी के देवरिया में अवैध संबंधों में एक व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका पर चाकू से वार किया और फिर खुद आत्महत्या की कोशिश की। बताया जा रहा है कि शादीशुदा व्यक्ति ने पड़ोस में रहने वाली शादीशुदा प्रेमिका को चाकू मार दिया। फिर साथ जिएंगे-साथ मरेंगे कहकर अपने गले पर भी चाकू से कई वार कर लिए। दोनों को गंभीर हालत में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया ले जाया गया, जहां से बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के रामपुर हीरामन गांव में एक शादीशुदा व्यक्ति का मोबाइल कॉल के जरिए गांव की ही एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध हो गया। दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी घर वालों को भी थी। इसका घर वालों ने विरोध किया। विरोध के बाद से कुछ दिनों से महिला ने प्रेमी से बात करना कम कर दिया था। हालांकि फिर भी महिला गुरुवार को उससे मिलने पहुंची।

बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे किसी बात को लेकर दोनों में गांव के बाहर टावर के पास नोकझोंक हो गई। उसी दौरान प्रेमी ने चाकू से महिला पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। उसे अपनी गोद में लेकर सड़क किनारे बैठ गया। फिर साथ जीने-मरने की बात करते हुए खुद पर भी चाकू से वार करने शुरू कर दिए। आसपास के लोगों ने उसे देखा तो किसी तरह उसे रोका और पुलिस को घटना की सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए आनन-फानन अस्पताल में भर्ती करवाया। देवरिया के अस्पताल से डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के लिए बाद दोनों को गोरखपुर रेफर कर दिया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिवार वालो का कहना है कि उन्हें दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी थी इसका कई बार विरोध किया गया है लेकिन दोनों नहीं माने।

पुलिस का कहना है कि घायलों का इलाज जारी है। मामले में जांच की जाएगी। हालत में सुधार होने के बाद दोनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। वहीं, दोनों के परिवारों से बात कर ली गई है। तहरीर मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच में जुटी है।