अहमदाबाद 28 जुलाई 2026 - गुजरात के वलसाड जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया. उमरगाम तालुका के भिलाड रेलवे स्टेशन पर विरार से भरूच जा रही मेमू ट्रेन नंबर 19101 प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर रुकने से पहले ही उसके इंजन यानी फ्रंट डीएमसी के चार पहिए पटरी से उतर गए. यह घटना 28 जुलाई की सुबह 6 बजकर 27 मिनट पर हुई।

हादसे के बाद स्टेशन और ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि इसमें किसी भी यात्री या रेलवे कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई. रेलवे ने वलसाड से राहत और मरम्मत टीम मौके पर भेज दी है और पटरी को दोबारा ठीक करने का काम शुरू कर दिया गया है।

पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल डिवीजन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सोमवार 28 जुलाई की सुबह भिलाड स्टेशन पर हुआ. ट्रेन नंबर 19101, जो विरार से भरूच के बीच चलती है, सुबह 6:27 बजे भिलाड प्लेटफॉर्म नंबर 1 में प्रवेश कर रही थी. इसी दौरान ट्रेन के आगे के डीएमसी कोच के चार पहिए पटरी से उतर गए. डीएमसी वह कोच होता है जिसमें ट्रेन ड्राइवर बैठता है और यह इंजन जैसा काम करता है।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. वलसाड से आर्ट यानी एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन और आर्मे यानी एक्सीडेंट रिलीफ मेडिकल इक्विपमेंट की टीम को भी भेजा गया।