बदायूं 27 नवम्बर 2026 - उत्तर प्रदेश के बदायूं में नानी और आठ साल के मासूम नाती की हत्या के मामले में 11 दिन बाद ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने पूरे गांव को हैरान कर दिया। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं बल्कि उनके ही एक दूर के रिश्तेदार ने की थी। आरोपी महिला के घर आता - जाता था और उनसे संबंध बनाना चाहता था। आरोप है कि 13 नवंबर की रात वह महिला के घर पहुंचा और उनके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।
जब महिला ने विरोध किया तो युवक ने गला दबा कर उसकी हत्या कर दी। इसी दौरान नाती कमरे में पहुंच गया और नानी के साथ हुई घटना देखकर शोर मचाने लगा। पुलिस का दावा है कि अपनी पहचान उजागर होने के डर से आरोपी ने बच्चे को भी मार डाला। वारदात के बाद वह दिल्ली भाग गया था, पुलिस ने 24 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। दिल दहला देने वाली वारदात बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र के कान्हा नगला गांव में हुई थी।
पुलिस के अनुसार गांव की रहने वाली नियाज बानो 13 नवंबर की शाम अपनी बेटी हिना के आठ वर्षीय बेटे अफनान को साथ लेकर अपने घर लौटी थीं। नियाज बानो घर में अकेली रहती थीं। उस रात नानी और नाती घर में ही थे। लेकिन अगले दिन यानी 14 नवंबर की सुबह जब हिना चाय लेकर अपनी मां के घर पहुंचीं तो दरवाजा खुला मिला। घर के अंदर अफनान मृत पड़े थे। दोनों के गले पर चोट के निशान थे। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने परिवार के लोगों और महिला के परिचितों के बारे में जानकारी जुटाई। इस दौरान गांव के ही 24 वर्षीय आजिम उर्फ अजीम का नाम जांच के दायरे में आया। आजिम महिला का दूर का रिश्तेदार है और पुरानी जान-पहचान के कारण उसका घर पर आना - जाना था।
बदायूं की SSP अंकिता शर्मा के मुताबिक आरोपी दिल्ली में सिलाई का काम करता था। वह नशे का आदी था। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आजिम ने महिला के प्रति आकर्षण होने और उनसे संबंध बनाने की इच्छा जताने की बात स्वीकार कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर की रात करीब आठ बजे आजिम नियाज बानो के घर पहुंचा था। आरोप है कि उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला ने इसका विरोध किया और शोर मचाया। SSP अंकिता शर्मा के अनुसार विरोध के बाद आरोपी ने डर से उसने महिला का गला दबा दिया जिससे उनकी मौत हो गई।
बदायूं की SSP अंकिता शर्मा ने बताया कि आरोपी का महिला से पहले से परिचय था और वह उनके घर आता-जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला से शारीरिक संबंध बनाना चाहता था। जब महिला ने विरोध किया तो उसने कथित तौर पर हत्या कर दी। इसके बाद बच्चे को घटना का प्रत्यक्षदर्शी समझकर उसे भी निशाना बनाया गया। इस मामले में बिनावर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।













