फरीदाबाद 27 सितंबर 2026 - हरियाणा फरीदाबाद के सीही गांव मे खुले बोरवेल में करीब 4 से 5 साल की बच्ची गिर गई है। बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिस, दमकल विभाग और राहत - बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, सीही गांव में सरकारी बोरवेल का काम चल रहा था। इसी दौरान बच्ची अचानक खुले बोरवेल में गिर गई। घटना शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। बच्ची के गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद दमकल विभाग और बचाव दल को भी मौके पर बुलाया गया। फिलहाल टीमों की ओर से बच्ची तक पहुंचने और उसे सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बच्ची के बोरवेल में गिरने के बाद परिवार और आस पास के लोगों में चिंता का माहौल है। लोग बच्ची के सुरक्षित बाहर निकलने की प्रार्थना कर रहे हैं। राहत और बचाव टीमों की कोशिश है कि जल्द से जल्द बच्ची को बाहर निकाला जा सके। 

बता दे कि बोरवेल में बच्चों के गिरने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे हादसों के बाद खुले बोरवेल और निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठते रहे हैं। प्रशासन की ओर से भी ऐसे स्थानों पर सावधानी बरतने की अपील की जाती है। फिलहाल सीही गांव में बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।