सक्ती जिला हॉस्पिटल का सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल 01 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB की कार्यवाही..
सक्ती 24 जुलाई 2026 - भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने गुरुवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल सक्ती के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल को 01 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सिविल सर्जन डॉ. संतोष पटेल पर अपने ही CMHO कर्मचारी का वेतन संबंधी पे-डेटा सीएमएचओ कार्यालय भेजने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
एन्टी करप्शन ब्यूरो से मिली जानकारी के मुताबिक के जिला अस्पताल सक्ती में फार्मासिस्ट ग्रेड-2 के पद पर अटैचमेंट पर कार्यरत गंगा प्रसाद रत्नाकर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मूल पदस्थापना CMHO कार्यालय पोरथा, जिला सक्ती में है। फरवरी 2026 से वह जिला अस्पताल सक्ती में कार्यरत है, लेकिन मई और जून 2026 का पे-डेटा CMHO कार्यालय नहीं भेजा जा रहा था।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल ने फरवरी से जून 2026 तक के पांच माह के हिसाब से 20-20 हजार प्रति माह, यानी कुल 01 लाख की रिश्वत मांगी। कहा गया कि रिश्वत मिलने के बाद ही पे-डेटा CMHO कार्यालय भेजा जाएगा, जिससे वेतन का भुगतान हो सके।
ACB बिलासपुर ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद ट्रैप की योजना तैयार की गई। आरोपी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर अपने अस्थायी निवास डभरा बुलाया।
23 जुलाई 2026 की रात करीब 09 बजे डभरा कॉलेज मोड़ के पास शिकायतकर्ता ACB टीम के साथ पहुंचा। आरोपी डॉ. संतोष कुमार पटेल वहां पहुंचकर शिकायतकर्ता की स्कार्पियो में बैठे और जैसे ही उन्होंने 01 लाख की रिश्वत अपने कब्जे में ली, पहले से घात लगाए ACB अधिकारियों ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
ACB ने आरोपी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल के कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली है। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।















