सक्ती गोलीकांड में ताजा अपडेट - हमलावरों ने पूर्णिमा को मारी थी तीन गोली, इलाज के दौरान हुई मौत, पुलिस ने जताई यह आशंका
सक्ती 26 जून 2026 - सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम जोंगरा में शुक्रवार को दिनदहाड़े दो अज्ञात बदमाशों ने 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान को तीन गोलियां मार दीं। गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा चौहान को तत्काल सक्तीअस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय पूर्णिमा चौहान अपनी मां के साथ मौजूद थी। इसी दौरान दो अज्ञात युवक मौके पर पहुंचे और पूर्णिमा चौहान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही डायल - 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल पूर्णिमा चौहान को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन अधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
मामले की जानकारी मिलते ही सक्ती पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत रंजिश, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
















