छत्तीसगढ़ - कुख्यात लेडी डॉन मुस्कान रात्रे जिलाबदर, मुस्कान रात्रे की आपराधिक हिस्ट्री जानकर हो जाएंगे हैरान..
रायपुर 12 जून 2026 - रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर की शांति-व्यवस्था को बनाये रखने के मद्देनजर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात महिला बदमाश मुस्कान रात्रे को जिला बदर कर दिया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(ख) के तहत की गई है। जारी आदेश के अनुसार मुस्कान रात्रे को रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र के अलावा रायपुर ग्रामीण, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद और बलौदाबाजार - भाटापारा जिलों से तीन माह के लिए बाहर रहना होगा।
लेडी डाॅन मुस्कान रात्रे इतनी खतरनाक है कि पुलिस जब भी उसे पकड़ने जाती थी तो कभी कुत्ते छोड़ देती या तो कभी गैस सिलेंडर चालू कर उसके उपर बैठकर आत्महत्या की धमकी देती थी। महिला की करतूत को देखकर गिरफ्तार करने आई पुलिस को कई बार खाली हाथ भी लौटना पड़ता था।
पुलिस के अनुसार मुस्कान रात्रे लंबे समय से अवैध गतिविधियों में संलिप्त रही है। उसके खिलाफ नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब बिक्री, गांजा तस्करी, मारपीट, धमकी, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों सहित 20 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ पहले भी कई बार प्रतिबंधात्मक और कानूनी कार्रवाई की गई थी, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं देखा गया। इसी कारण जिला बदर की कार्रवाई आवश्यक समझी गई।
जिला बदर आदेश के तहत मुस्कान रात्रे अगले तीन माह तक निर्धारित जिलों की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेगी। पुलिस का मानना है कि इस कदम से उसके प्रभाव क्षेत्र को खत्म करने और अवैध गतिविधियों को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
















