छत्तीसगढ़ से बिहार का 25 हजार का ईनामी फरार अपराधी अजय यादव गिरफ्तार, पहचान छिपा कर प्लांट में कर रहा था नौकरी
रायपुर 07 जून 2026 - रायपुर ग्रामीण पुलिस ने बिहार के जहानाबाद जिले के गंभीर आपराधिक मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रायपुर ग्रामीण पुलिस और जहानाबाद (बिहार) पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार महिला थाना, जिला जहानाबाद (बिहार) में आरोपी अजय यादव के खिलाफ धारा 457, 341, 323, 307, 379, 504, 376 (डी), 427, 34 भादवि और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 27 के तहत गंभीर मामला दर्ज है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचता रहा। उसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस महानिरीक्षक मगध क्षेत्र, गया द्वारा 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
लंबे समय से आरोपी अजय यादव की तलाश विभिन्न राज्यों में की जा रही थी। तकनीकी विश्लेषण और सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी रायपुर जिले में छिपा हुआ है। सूचना मिलने के बाद जहानाबाद पुलिस की विशेष टीम रायपुर पहुंची और थाना धरसीवां क्षेत्र की पुलिस चौकी सिलतरा से संपर्क कर सहयोग मांगा।
इसके बाद चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह कंवर के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई, जिसमें रायपुर ग्रामीण पुलिस और जहानाबाद पुलिस शामिल रही। टीम ने सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी और पतासाजी की। जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि आरोपी सिलतरा क्षेत्र स्थित एक निजी स्टील कंपनी में अपनी पहचान छिपाकर काम कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे कंपनी परिसर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ की गई और उसके दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे जहानाबाद पुलिस के हवाले कर दिया गया और बिहार पुलिस आरोपी अजय यादव को आगे की न्यायिक कार्रवाई के लिए जहानाबाद लेकर रवाना हो गई।
















