आरोपी को गिरफ्तार करने गए छत्तीसगढ़ पुलिस के 05 जवानों की उत्तरप्रदेश में पिटाई, चोर समझ कर दिया वारदात को अंजाम
रायपुर 07 जून 2026 - उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में वांछित आरोपियों की तलाश में पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम को ग्रामीणों ने चोर समझ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। इस घटना में छत्तीसगढ़ पुलिस का एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। मामला कोखराज थाना क्षेत्र के ईचौली गांव का है।स्थानीय पुलिस ने तीन ग्रामीणों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ के देवनगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक प्रकरण में तीन वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही थी। आरोपियों में आकाश, शिवम केशरवानी और उसका एक अन्य साथी शामिल हैं। इन्हीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम कौशांबी जिले के ईचौली गांव पहुंची थी। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे, जिससे ग्रामीण उन्हें पहचान नहीं सके।
बताया गया कि पुलिस टीम ने पहले आरोपी आकाश को हिरासत में लिया। इसके बाद टीम दूसरे आरोपी शिवम केशरवानी के घर पहुंची। पुलिस जैसे ही उसे पकड़ने लगी, उसने खुद को बचाने के लिए चोर चोर चिल्लाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। और ग्रामीणों ने बिना स्थिति की पुष्टि किए पुलिसकर्मियों को चोर समझ लिया।
पुलिस के अनुसार टीम में आरक्षक जगदेव प्रसाद वर्मा, हेड कांस्टेबल युसूफ खान, सिपाही अजय चौधरी, आरक्षक संदीप सिंह और आरक्षक सत्येंद्र प्रधान शामिल थे। हमले में आरक्षक जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घायल पुलिसकर्मी को तत्काल जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह वहां से निकलकर स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
















