छत्तीसगढ़ में प्री- मानसून की दस्तक, 05 दिनों तक तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी
रायपुर 02 जून 2026 - छत्तीसगढ़ में प्री- मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान में 1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में 1 से 2 डिग्री की और कमी आ सकती है। इसके बाद धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
प्रदेश में अगले पांच दिनों तक कहीं कहीं गरज चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं 50-60 Kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है।
हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों ने यह साफ कर दिया है कि इस प्री-मानसून बारिश से लोगों को केवल अस्थायी राहत मिलेगी, गर्मी से पूरी तरह निजात मिलने के आसार अभी नहीं हैं। बारिश के बाद हवा में नमी बढ़ने के कारण उमस और ज्यादा परेशान कर सकती है।
डॉक्टरों ने भी इस बदलते मौसम में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज धूप से अचानक एसी में जाने या बारिश में भीगने से सर्दी-खांसी और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए जब तक मानसून पूरी तरह दस्तक नहीं दे देता, तब तक सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
















