पूरे घर मे मुर्गे का खून छिड़क कर युवती ने रची ऐसी साजिश की परिजनों के साथ पुलिस के भी उड़े होश, जाने क्या है मामला..
रोहतास 24 मई 2026 - रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां प्रेम प्रसंग में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने ऐसी साजिश रची कि परिवार के साथ साथ पुलिस भी करीब 15 दिनों तक उलझी रही. दरअसल लड़की ने अपने घर में मुर्गा काटकर उसका खून पूरे आंगन में फैला दिया और फिर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई. शुरुआत में मामला किसी बड़ी अनहोनी का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई सामने आने के बाद सभी हैरान रह गए।
इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के बढ़िहा गांव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी नाबालिग बेटी 30 अप्रैल की रात अचानक घर से गायब हो गई है. और घर के आंगन में काफी सारा खून फैला हुआ है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घर के आंगन समेत कई जगहों पर खून के निशान मिले, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण या हत्या जैसी आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए जांच तेज कर दी।
तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस को पता चला कि लड़की अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई है और वह अपने प्रेमी मयंक कुमार के साथ महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में रह रही है. इसके बाद रोहतास पुलिस की टीम महाराष्ट्र पहुंची और दोनों को बरामद कर लिया. पुलिस ने आरोपी युवक मयंक कुमार को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर बिहार लेकर आई।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि लड़की और मयंक के बीच पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था. परिवार के विरोध के डर से दोनों ने भागने की योजना बनाई थी. इसी योजना के तहत लड़की ने घर में मुर्गा काट कर उसका खून फैला दिया, ताकि परिवार और पुलिस को यह लगे कि उसके साथ कोई अनहोनी हो गई है।
डेहरी के एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी जांच और सूचनाओं के आधार पर मामले का सफल खुलासा किया है. फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
















