10 दिन में चौथी बार बढ़े पेट्रोल और डीजल के दाम, आज फिर हुई इतने रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी
नई दिल्ली 25 मई 2026 - पेट्रोल और डीजल के दाम में आज चौथी बार इजाफा हुआ है। डीजल में 2.71 रुपये और पेट्रोल में 2.61 रुपये का इजाफा हुआ है। अब दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये लीटर हो गया है। बता दें 23 मई को पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी।
इससे पहले 15 मई को ₹3 प्रति लीटर की बड़ी छलांग लगाई गई थी। इसके बाद 19 मई को करीब 90 पैसे की बढ़ोतरी हुई। जहां एक ओर पेट्रोलियम कंपनियां घाटा सह रही हैं, वहीं केंद्र सरकार ने पहले ही एक्साइज ड्यूटी (उत्पाद शुल्क) में कटौती कर अपनी तरफ से नुकसान उठाया है। उपभोक्ता भी इस बोझ का एक हिस्सा खुद वहन कर रहे हैं। ऐसे में अब उम्मीद की जा रही है कि राज्य सरकारें भी अपने राजस्व का कुछ हिस्सा छोड़ें, ताकि तेल कंपनियों के पास निवेश की जरूरतों को पूरा करने और बाजार में टिके रहने के लिए पर्याप्त फंड बच सके।
वैट कम होने से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी कुछ राहत मिल सकती है। वहीं तेल कंपनियां अगर तेल की कीमतें बढ़ाती हैं तो वैट कम होने से आम उपभोक्ता इसके सीधे असर से बच सकते हैं। साथ ही वह रकम तेल कंपनियों के घाटे को कम करने में भी मददगार हो सकती है।
इस महीने चौथी बार बढ़ीं पेट्रोल और डीजल की कीमतें
25 मई को पेट्रोल ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा।
23 मई को पेट्रोल 87 पैसे, डीजल 91 पैसे महंगा किया गया था।
19 मई को पेट्रोल और डीजल के दामों में एवरेज 90 पैसे की बढ़ोतरी की गई थी।
15 मई को भी कीमतों में ₹3 प्रति लीटर का इजाफा किया गया था।
















