छत्तीसगढ़ - IPL में सट्टा खेलाते श्याम अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल गिरफ्तार, मुख्य सटोरिया रामफल अग्रवाल हुआ फरार
रायगढ़ 13 मई 2026 - रायगढ़ जिले में जुआ सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पूंजीपथरा पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि ग्राम गेरवानी में एक बर्तन दुकान के भीतर मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर दो सटोरियों को रंगे हाथ पकड़ा।
मौके पर आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते मिला। पुलिस ने आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और नगद 17,000 रुपये और आरोपी सुरेश अग्रवाल के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 1,400 रुपये बरामद कर गवाहों के समक्ष जप्त किया।
पूछताछ में आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल ने बताया कि वह अपने साथी सुरेश अग्रवाल के साथ अलग अलग स्थानों से मोबाइल फोन और बारकोड भुगतान प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते थे। आरोपियों ने बताया कि सट्टे की राशि ग्राम गेरवानी निवासी खाईवाल रामफल अग्रवाल को नगद और डिजिटल भुगतान के जरिए पहुंचाई जाती थी। पुलिस टीम को देखकर रामफल अग्रवाल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
थाना पूंजीपथरा में आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 एवं 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार सटोरिये..
01 - श्याम कुमार अग्रवाल पिता स्वर्गीय बजरंग अग्रवाल, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम गेरवानी, जिला रायगढ़।
02 - सुरेश अग्रवाल पिता स्वर्गीय दुर्गा प्रसाद अग्रवाल, उम्र 42 वर्ष, निवासी कृष्णा विहार कॉलोनी, रायगढ़।
फरार आरोपी रामफल अग्रवाल निवासी ग्राम गेरवानी, जिला रायगढ़।















