छत्तीसगढ़ में आज के मौसम को लेकर IMD ने जारी किया ताजा अपडेट, जताई यह संभावना..
रायपुर 13 मई 2026 - मई के पहले पखवाड़े के बाद प्रदेश में कहीं गर्मी तो कहीं तेज हवा और हल्की बारिश का दौर जारी है. बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बनने से 13 मई को एक-दो जगहों पर बहुत हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधि की संभावना है. रायपुर में मंगलवार को तेज गर्मी पड़ी. शाम को गर्म हवाएं चलती रही. इसके कारण उमस बढ़ रही है. प्रदेश के अन्य संभागों में भी अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है. इस सप्ताह के अंत तक दक्षिण-पश्चिम मानसून शुरू होने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है. बुधवार को कुछ जगहों पर हल्की बारिश, बादल गरजने के साथ अंधड़ की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण बंगाल की खाड़ी का भाग, अंडमान सागर, अंडमान और निकोबार द्वीप की तरफ इस सप्ताह के अंत तक दक्षिण पश्चिम मानसून के प्रारंभ होने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है. एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है. इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 4.5 कम ऊंचाई तक विस्तारित है. इसके अगले 48 घंटे में और अधिक प्रबल होने की संभावना है. एक द्रोणिका दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश से मणिपुर तक पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगेटिक पश्चिम बंगाल होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
बुधवार को एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. गरज चमक के साथ अंधड़ और बिजली गिरने के भी आसार हैं. अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि के साथ कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं जताई गई है. राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे. वहीं बारिश या गरज-चमक और अंधड़ चलने की चेतावनी दी गई है. पारा 42 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।















