छत्तीसगढ़ - लॉज में चल रहे अंतरराज्यीय जुए के अड्डे पर पुलिस की दबिस, 12 लाख के साथ अलग अलग राज्यो के 22 जुआरी गिरफ्तार
सुकमा 24 मार्च 2026 - पुलिस ने कोंटा में एक अंतरराज्यीय जुआ फड़ का भंडाफोड़ करते हुए 22 जुआरियो को गिरफ्तार किया है। इसमें लॉज मालिक भी शामिल है। पुलिस ने मौके से कैश, मोबाइल, ताश और अन्य सामान जब्त किया। यह कार्रवाई RSN लॉज में चल रहे जुआ की मुखबिर सूचना के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना मिलने के बाद कोंटा थाने की टीम ने लॉज में छापेमारी की। आरएसएन लॉज के एक कमरे में कई लोग पैसे का दांव लगाकर ताश से जुआ खेल रहे थे। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर रेड की और 22 आरोपियों को जुआ खेलते हुए पकड़ा।
पुलिस ने मौके से 2,00,400 रुपए नकद, 18 मोबाइल, 122 गड्डी ताश, 108 खुले पत्ते, रजिस्टर और पेन समेत अन्य सामग्री जब्त की। इसके अलावा आरोपियों की एक कार (सेल्टास) और एक स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की। पुलिस ने जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 11.50 लाख रुपए आंकी है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अधिकांश आरोपी तेलंगाना और आंध्रप्रदेश के रहने वाले हैं। सभी आरोपियों ने लॉज में इकट्ठा होकर जुआ खेल रहे थे।
सभी आरोपियों के खिलाफ कोंटा थाने में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि जुआ के साथ-साथ चोरी-छिपे अन्य गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

















